हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के नौहराधार में दर्दनाक हादसा: खड्ड में डूबे दो सगे भाई, 9 वर्षीय अभिनव भी बचाने कूदा और दोनों की गई जान

नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित नौहराधार क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसमें खेल-खेल में दो सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवामानल में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

खेलते-खेलते खड्ड में फिसला छोटा भाई

जानकारी के अनुसार देवामानल गांव के निवासी 8 वर्षीय आयान और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव गुरुवार दोपहर खड्ड किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयान का पैर फिसल गया और वह अचानक गहरे पानी में जा गिरा।

छोटे भाई को बचाने के लिए कूद पड़ा बड़ा भाई

छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई अभिनव बिना किसी देर के उसे बचाने के लिए खड्ड में कूद गया। लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और डूब गए।

चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण, लेकिन नहीं बचाई जा सकी जान

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पिता ने किसी तरह दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों अचेत हो चुके थे। तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम, गांव में मातम

इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य बेसुध हो गए और अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी संगड़ाह का कार्यभार देख रहे डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

प्रशासन ने दी आर्थिक सहायता

एसडीएम संगड़ाह सुनील कुमार कैंथ ने जानकारी दी कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की जाएगी।