Friday, April 24, 2026
Latest:
अन्य राज्य

रामनगर बस हादसे में 21 मौतों पर प्रशासन सख्त: मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, 6 दिन में गवाहों के बयान होंगे दर्ज

उधमपुर जिले के रामनगर क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। 20 अप्रैल को जल्लो कघोट इलाके में हुए इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद अब हादसे के कारणों की तह तक जाने के लिए आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट उधमपुर को इस मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। जांच का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाना है।

6 दिन के भीतर दर्ज होंगे गवाहों के बयान

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी जांच में सहयोग की अपील की है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जो भी व्यक्ति इस घटना के बारे में जानकारी रखता है या प्रत्यक्षदर्शी है, वह अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय उधमपुर में कार्यालय समय के दौरान अपना बयान दर्ज करवा सकता है। इसके लिए अधिसूचना जारी होने की तारीख से छह दिन का समय निर्धारित किया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

हादसे में 60 लोग हुए थे घायल

इस भीषण हादसे में 21 लोगों की मौत के अलावा करीब 60 लोग घायल भी हुए थे। घटना के दौरान यात्रियों से भरा एक ऑटो भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे नुकसान और बढ़ गया। प्रशासन ने साफ किया है कि जांच के जरिए जिम्मेदारी तय की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

पहाड़ी इलाकों में बसों पर कार्रवाई तेज

हादसे के बाद उधमपुर, रामनगर और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में चलने वाली बसों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।