Friday, April 24, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी भीषण टक्कर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, 17 घायल

मुरादाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। मैनाठेर थाना क्षेत्र में संभल-मुरादाबाद हाईवे पर असदपुर पुलिया के पास तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

भात न्योत से लौट रहा था परिवार, अचानक हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र के भटोला गांव निवासी उषा, अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के बीच गुरुवार रात अपने मायके मैनाठेर के गुरेर गांव आई थीं। यहां वह अपने भाई तेज प्रकाश और सतीश के घर भात न्योत कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। परिवार के अन्य सदस्य भी इस मौके पर साथ थे।

सुबह घर लौटते वक्त डंपर ने मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वाहन असदपुर पुलिया के पास पहुंचा, उसी दौरान मुरादाबाद से संभल की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे।

चार की मौके पर मौत, कई की हालत गंभीर

हादसे में अजीत (10), सृष्टि, शांति देवी (55) और सुमन (30) की मौत हो गई। वहीं 17 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

घायलों को अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

एसपी देहात का बयान

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है। साथ ही फरार चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।