पटना में नौकरी का सुनहरा अवसर: 350 पदों पर भर्ती, मासिक सैलरी 16,000 रुपये
पटना। युवा, रोजगार और कौशल विकास विभाग के अवर प्रादेशिक नियोजनालय की ओर से 28 मार्च शनिवार को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप आयकर गोलंबर स्थित नियोजन भवन के एक ब्लॉक के छठे तल में आयोजित किया जाएगा।
कुल 350 पदों पर होगी भर्ती
इस कैंप में इनविजिलेटर और सुपरवाइजर के 350 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 200 पद महिलाओं और 150 पद पुरुषों के लिए आरक्षित हैं। उम्मीदवारों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक होनी आवश्यक है। आयु सीमा 20 से 40 वर्ष है और चयन के लिए बेहतर संचार कौशल अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 16,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
चयन प्रक्रिया और दस्तावेज़
चयन प्रक्रिया जॉब कैंप स्थल पर ही पूरी की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, बायोडाटा, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है।
कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में भी रोजगार के अवसर
वहीं, पटना वीमेंस कॉलेज में सोमवार को कैंपस प्लेसमेंट और करियर काउंसलिंग सेल की ओर से प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन हुआ। इसमें यूजी के छठे सेमेस्टर और पीजी के चौथे सेमेस्टर की छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में क्रिएटर्स माइंड के निदेशक सचिन और रवि तथा विभागाध्यक्ष श्रीकांत कुमार ने छात्रों को कार्पोरेट जगत की अपेक्षाएं, कौशल विकास और व्यावसायिक विकास के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस ड्राइव के माध्यम से छात्रों को सेल्स कंसल्टेंट, एचआर एग्जीक्यूटिव, स्क्रिप्ट राइटर, वीडियो क्रिएटर, ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, टेक्निकल हेड और सरकारी आदेश विशेषज्ञ जैसे विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
कुल 45 छात्राओं ने प्रारंभिक साक्षात्कार में भाग लिया और अपने कौशल व आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समन्वयन गौतम सौरभ, अद्वितीय सिन्हा, राजीव रंजन और डा. सत्यम कुमार द्वारा किया गया, जबकि आयोजन डीन आलोक जौन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
