Saturday, May 9, 2026
Latest:
Uncategorized

पश्चिम एशिया संकट पर केंद्र पर केजरीवाल का हमला, बोले- तैयारियों की कमी से देश आर्थिक दबाव में

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिमी एशिया में जारी युद्ध के असर को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस संकट से निपटने में केंद्र की तैयारियों की कमी साफ नजर आ रही है, जिसका खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात देश को आर्थिक दबाव की ओर धकेल रहे हैं और सरकार समय रहते प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।

एलपीजी की कमी और गिरते बाजार पर उठाए सवाल

उन्होंने एलपीजी की कमी और गिरते शेयर बाजार को लेकर कहा कि हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। उनके मुताबिक, गैस की कमी के चलते कई कारोबार प्रभावित हो रहे हैं और कुछ जगहों पर बंद होने की स्थिति बन गई है। सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

केजरीवाल ने यह भी कहा कि प्रवासी श्रमिकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है और रुपया भी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है, जो आर्थिक प्रबंधन पर सवाल खड़े करता है।

सोशल मीडिया पर सरकार की तैयारियों पर सवाल

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से उत्पन्न संकट को संभालने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने लिखा कि देश में शेयर बाजार में गिरावट जारी है, एलपीजी की कमी के कारण कई व्यवसाय ठप पड़ गए हैं और लोग भीषण गर्मी में गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े हैं।

‘पहले से तैयारी क्यों नहीं की गई?’

केजरीवाल ने सवाल उठाया कि जब पूरी दुनिया को संभावित युद्ध की आशंका थी, तो केंद्र सरकार ने पहले से तैयारी क्यों नहीं की। उन्होंने पूछा कि वैकल्पिक आपूर्ति की व्यवस्था समय रहते क्यों सुनिश्चित नहीं की गई और हर संकट का बोझ आखिर आम जनता पर ही क्यों डाला जाता है।

उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताओं की कीमत आम आदमी को चुकानी पड़ रही है, जो चिंताजनक है।