राज्यपाल से मिले सीएम हेमंत सोरेन, विकास योजनाओं और विदेशी दौरे की दी जानकारी
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकास और लोक-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही प्रमुख योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और सरकार की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कर रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को अपनी हालिया विदेश यात्रा के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड इकोनामिक फोरम में भाग लेने के लिए दावोस और यूनाइटेड किंग्डम के दौरे के दौरान झारखंड की निवेश-उन्मुख नीतियों और सतत विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान राज्य को कई निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से औद्योगिक विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही कौशल विकास और आर्थिक मजबूती की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन और राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
