उत्तराखंड

उत्तराखंड बजट 2026: सीएम धामी ने पेश किया 1.11 लाख करोड़ का बजट, गैरसैंण में शुरू हुआ विधानसभा सत्र

गैरसैंण (चमोली)। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में मंगलवार से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया। सत्र के पहले ही दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट सदन में पेश किया।

विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के अभिभाषण से शुरू हुई। राज्यपाल ने अपने संबोधन में सरकार की नीतियों और योजनाओं का उल्लेख किया।

पहली बार एक ही दिन हुआ राज्यपाल का अभिभाषण और बजट पेश

बजट सत्र के दौरान दोपहर तीन बजे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में बजट प्रस्तुत किया। यह राज्य गठन के बाद पहली बार हुआ है जब राज्यपाल का अभिभाषण और बजट पेश करने की प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न हुई।

सत्र के पहले दिन कांग्रेस का प्रदर्शन

विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा भवन के प्रवेश द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी, भर्ती घोटाले, अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इसके अलावा मानव-वन्यजीव संघर्ष, बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति को भी विपक्ष ने प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाया और सरकार से इन पर जवाब मांगा।