झारखंड के कपल का हनीमून हुआ मुश्किल, दुबई में फंसे नवविवाहित 10 दिन बाद घर लौटेंगे
रांची: ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते खाड़ी क्षेत्र के तनाव के कारण रांची के नवदंपति का हनीमून सपना कड़ा संघर्ष बन गया। स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया (सेल) रांची के अधिकारी अतुल उरांव और लातेहार निवासी उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा दुबई में फंस गए थे। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों मुंबई से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस खबर ने परिवार और शुभचिंतकों में राहत और खुशी का माहौल पैदा कर दिया है।
विवाह और हनीमून की शुरुआत
अतुल उरांव और डॉ. कंचन बाड़ा का विवाह 22 फरवरी को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद 27 फरवरी को दोनों हनीमून के लिए दुबई गए। उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े युद्ध तनाव और अस्थिर परिस्थितियों के कारण कई उड़ानें रद्द हो गईं और नवदंपति दुबई में फंस गए।
अनिश्चितता और चिंता के बीच हफ्ता भर इंतजार
लगातार उड़ानों के रद्द होने से नवदंपति को करीब एक सप्ताह तक अनिश्चितता और चिंता में रहना पड़ा। इस दौरान उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से सुरक्षित वापसी में मदद की गुहार लगाई। टिकट बुक करने की कई कोशिशें विफल रहीं और अंतिम समय में उड़ानें बार-बार रद्द हो जाती रहीं।
1.12 लाख रुपये खर्च कर मिली उड़ान
अंततः 8 मार्च को दोनों को स्वदेश लौटने का टिकट मिल सका। अतुल उरांव ने बताया कि इसके लिए उन्हें लगभग 1.12 लाख रुपये खर्च करने पड़े। उन्होंने कहा कि लगातार उड़ानों के रद्द होने के कारण हर दिन चिंता और असमंजस में बीत रहा था। भारत लौटने की खबर के साथ उन्हें अब काफी राहत महसूस हो रही है।
संबंधित पक्षों ने जताई चिंता और सुझाव
नवदंपति के रिश्तेदार और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अमिताभ पन्ना ने कहा कि आपात परिस्थितियों में हवाई टिकटों की कीमतों में इतनी बढ़ोतरी चिंताजनक है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से आग्रह किया कि विदेशों में फंसे नागरिकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
करीब एक सप्ताह तक चिंता में डूबे परिजनों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है। नवदंपति की सुरक्षित वापसी की सूचना मिलते ही परिवार, मित्र और परिचित बेहद खुश हैं और अब सभी उनके सकुशल रांची पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
