छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के जशपुर में अनियंत्रित बस निर्माणाधीन मकान में घुसी, पांच की मौत; 20 घायल

जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग घायल हो गए।

घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। घटना तपकरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतकों में चार छत्तीसगढ़ के और एक झारखंड का निवासी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, बस शुक्रवार को झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के जशपुर की ओर जा रही थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। तपकरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे बने एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

दुर्घटना के तुरंत बाद सीएम कैंप कार्यालय बगिया की ओर से भी सक्रियता दिखाते हुए घायलों की सहायता के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई।