Wednesday, April 22, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

एक्टिव मोड में मायावती! 15 मार्च को लखनऊ में दिखाएंगी शक्ति, हजारों कार्यकर्ता जुटेंगे

लखनऊ। सत्ता के वनवास और संगठन को फिर से मजबूती देने की दिशा में जुटी बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती इस बार फिर सक्रिय नजर आ रही हैं। पार्टी ने अपने संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती के मौके पर 15 मार्च को “लखनऊ चलो” अभियान का आह्वान किया है। इस दिन राजधानी में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का बड़ा जमावड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम पुरानी जेल रोड स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं को संदेश देंगी मायावती
पार्टी नेताओं के अनुसार जयंती कार्यक्रम में प्रदेश के 12 मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक लखनऊ पहुंचेंगे। इस मौके पर कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश एवं संदेश भी दिए जाएंगे।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार
सूत्रों की मानें तो बसपा सुप्रीमो मायावती लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित कर सकती हैं। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से उनके संबोधन को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है और इसे संगठन को सक्रिय करने की बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

राज्य के अन्य जिलों में भी कार्यक्रम
इसी दिन नोएडा में भी कांशीराम की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद राजस्थान के भरतपुर में जनसभा या रैली को संबोधित कर सकते हैं। बसपा का कहना है कि जयंती कार्यक्रमों के जरिए कांशीराम के सामाजिक न्याय और समानता के विचार जनता तक पहुंचाए जाएंगे।