UP Eco Tourism App Launch: अब एक क्लिक में जानें यूपी के प्राकृतिक पर्यटन स्थल, सरकार ने लॉन्च किया नया मोबाइल ऐप
उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड ने पर्यटकों की सुविधा के लिए नया मोबाइल एप लॉन्च किया है, जिसके जरिए प्रदेश के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की पूरी जानकारी और कई सुविधाएं अब एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। ‘यूपी ईको टूरिज्म’ नाम का यह एप पर्यटकों को यात्रा की योजना बनाने से लेकर बुकिंग तक की सुविधाएं देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यह एप नेविगेशन, जीपीएस सपोर्ट स्मार्ट मैप्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित यात्रा योजना जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस है, जिससे पर्यटक आसानी से अपनी पसंद के पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और भ्रमण कार्यक्रम भी तैयार कर पाएंगे।
प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की पूरी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर
एप के जरिए प्रदेश के वन्य जीव अभयारण्यों, राष्ट्रीय उद्यानों, जंगल ट्रेल्स, झरनों और नदियों जैसे प्रमुख प्राकृतिक आकर्षणों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसमें इन स्थानों से जुड़ी फोटो और वीडियो के साथ मार्ग विवरण, आसपास के पर्यटन स्थल, गंतव्य तक पहुंचने का तरीका और यात्रा के लिए उपयुक्त समय जैसी अहम जानकारी भी दी गई है।
इससे पर्यटक किसी भी जगह की यात्रा से पहले पूरी तैयारी कर सकेंगे और अपने कार्यक्रम को बेहतर तरीके से प्लान कर पाएंगे।
स्मार्ट सर्च और फिल्टर से आसान होगा गंतव्य चयन
एप में पर्यटकों की सुविधा के लिए स्मार्ट सर्च और फिल्टर फीचर भी दिया गया है। इसके जरिए पर्यटन स्थलों को जिला, गतिविधियों के प्रकार, बजट, दूरी, लोकप्रियता और रेटिंग के आधार पर आसानी से खोजा जा सकता है।
इसके अलावा एप में स्वाइप आधारित नेविगेशन की सुविधा भी दी गई है। इससे पर्यटक अपनी पसंद के स्थानों को सेव कर सकते हैं या अन्य विकल्पों को आसानी से देख सकते हैं।
जीपीएस और ऑफलाइन मैप्स की भी सुविधा
एप में जीपीएस सपोर्ट वाले स्मार्ट मैप्स और नेविगेशन फीचर शामिल किए गए हैं, जिनकी मदद से पर्यटक ठहरने के विकल्प, आसपास के आकर्षण और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। टर्न-बाय-टर्न दिशा निर्देश और ऑफलाइन मैप्स की सुविधा उन इलाकों में भी उपयोगी होगी, जहां नेटवर्क कमजोर रहता है।
साथ ही एप में मौजूद एआई प्लानर पर्यटकों के समय, रुचि और स्थान के आधार पर उनकी व्यक्तिगत यात्रा योजना तैयार करने में मदद करेगा।
सुरक्षा के लिए एसओएस इमरजेंसी फीचर
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एप में एसओएस इमरजेंसी फीचर भी जोड़ा गया है। इसमें एक टैप अलर्ट, ऑटो लोकेशन शेयरिंग, आपातकालीन संपर्क निर्देशिका और ऑफलाइन एसएमएस सपोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने में सहायक होंगी।
फिलहाल अंग्रेजी में उपलब्ध, जल्द आएगा हिंदी संस्करण
उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के अनुसार यह एप फिलहाल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है और जल्द ही इसे हिंदी में भी उपलब्ध कराया जाएगा। पर्यटक इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही जल्द ही इसे आईओएस प्लेटफॉर्म पर भी लॉन्च करने की तैयारी है।
पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘यूपी ईको टूरिज्म’ एप की यह पहल पर्यटकों को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह एप शुरुआती चरण में है और इसे और बेहतर बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।
