होली के दिन शराब के नशे में पत्नी ने सेवानिवृत्त रेलकर्मी पति की पीट-पीटकर हत्या, डंडे से किया हमला
अंबेडकरनगर: होली के दिन शराब के नशे में हुए विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। जिले में पत्नी ने डंडे से हमला कर अपने सेवानिवृत्त रेलकर्मी पति की जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक अकबरपुर के जौहरडीह मोहल्ले के निवासी हौसिला प्रसाद रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत थे और अब सेवानिवृत्त हो चुके थे। पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने संगीता से दूसरी शादी की थी। दोनों घर से अलग होकर मोहसिनपुर मंसूरपुर इलाके में एक झोपड़ी में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार होली के दिन दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान मामूली कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया। गुस्से में पत्नी ने डंडे से पति की पिटाई कर दी, जिससे उसके हाथ, पैर, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद घायल हौसिला प्रसाद को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जानकारी पहली पत्नी के बेटे अतुल प्रसाद को दी, जिसके बाद उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पहले भी होते थे झगड़े
परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। पहले भी कई बार दोनों के बीच झगड़े की घटनाएं सामने आ चुकी थीं। होली के दिन हुए इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अंततः सेवानिवृत्त रेलकर्मी की जान चली गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संगीता के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय के अनुसार आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रंग डालने के विवाद में सगे भाइयों की पिटाई
जहांगीरगंज क्षेत्र में होली के दौरान रंग डालने को लेकर विवाद हो गया। फत्तेपुर गांव निवासी नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के आशुतोष, मिथिलेश, धीरज, वीरेश, मिथुन, नितिन और चार अज्ञात लोगों ने जबरदस्ती उन्हें घसीटकर रंग लगाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
बीच-बचाव करने आए भाई को भी पीटा
पीड़ित के मुताबिक जब उनका भाई मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आगे की जांच की जा रही है।
