Wednesday, April 22, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

UP Weather Today: लखनऊ समेत यूपी में बढ़ने लगी गर्मी, अगले हफ्ते 35°C के पार जाएगा पारा

मार्च के पहले सप्ताह में ही उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 10–12 दिनों से प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसका असर रात के तापमान पर भी दिखने लगा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले सप्ताह से गर्मी और तेज हो सकती है। अनुमान है कि सोमवार से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

लखनऊ में लगातार बढ़ रहा तापमान

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान करीब 2.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 32.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रात का तापमान चार डिग्री बढ़कर 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अगले 5–6 दिन मौसम रहेगा शुष्क

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले पांच से छह दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। तेज धूप के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी और रात के तापमान में भी धीरे-धीरे वृद्धि देखने को मिलेगी। हालांकि कई जिलों में लगभग 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है, जिससे कुछ समय के लिए हल्की राहत मिल सकती है।

बुंदेलखंड में सबसे ज्यादा गर्मी

प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई देने लगा है। गुरुवार को कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। इनमें झांसी सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब पछुआ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है, जिसकी वजह से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और तेज होने के संकेत हैं।