होली पर शिमला पहुंचीं प्रियंका वाड्रा, छराबड़ा स्थित घर में ठहरेंगी; तीन दिन का निजी दौरा, सुरक्षा बढ़ाई गई
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका वाड्रा होली के अवसर पर शिमला पहुंची हैं। वह होली के दिन शाम के समय शिमला पहुंचीं और यहां छराबड़ा स्थित अपने निजी आवास में ठहरी हुई हैं। उनके आगमन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक प्रियंका वाड्रा का शिमला में दो से तीन दिन तक रुकने का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि वह चंडीगढ़ तक हवाई मार्ग से पहुंचीं और वहां से सड़क मार्ग के जरिए शिमला पहुंचीं।
यह दौरा पूरी तरह निजी बताया जा रहा है और इसे गोपनीय रखा गया है। शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर छराबड़ा में प्रियंका वाड्रा का निजी आवास है, जहां वह अपने प्रवास के दौरान ठहरी हुई हैं।
प्रियंका वाड्रा के आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने छराबड़ा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस की अतिरिक्त तैनाती के साथ इलाके में निगरानी भी तेज कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो।
