पंजाब

कपूरथला में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक-एक्टिवा की भिड़ंत में दो मासूम समेत 5 घायल

कपूरथला। पंजाब के कपूरथला में सुल्तानपुर लोधी रोड पर खैरा मंदिर पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। मोटरसाइकिल और एक्टिवा की जोरदार टक्कर में दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल, कपूरथला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

होली खेलते समय मारी टक्कर, बाइक सवार परिवार घायल

सिविल अस्पताल में इलाज करा रही मोनिका ने बताया कि वह अपने भाई अमरपाल के साथ मोटरसाइकिल पर रमीडी से अपने गांव लौट रही थीं। जैसे ही वे सुल्तानपुर लोधी रोड पर खैरा मंदिर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, उसी दौरान एक युवक अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा पर होली खेलते हुए आया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में मोनिका, उनके भाई अमरपाल और उनके बच्चे साक्षी व अंश घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े।

एक्टिवा चालक भी जख्मी, अस्पताल में इलाज जारी

इस दुर्घटना में एक्टिवा चला रहा युवक भी घायल हुआ है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल, कपूरथला पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. साहिल गर्ग सभी घायलों का उपचार कर रहे हैं।

घटना की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।