हनीमून मनाने दुबई गए रांची के नवविवाहित दंपति की बढ़ी चिंता, खाड़ी में सैन्य तनाव के बीच उड़ानें रद्द होने से फंसे
रांची के रहने वाले स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अधिकारी अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा के लिए शादी के बाद की पहली विदेश यात्रा अब चिंता का कारण बन गई है। नवविवाहित दंपति हनीमून मनाने दुबई गया था, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े सैन्य तनाव के कारण उनकी वापसी फिलहाल मुश्किल हो गई है।
बताया जा रहा है कि अतुल उरांव और डॉ. कंचन बाड़ा का विवाह 22 फरवरी 2026 को हुआ था। शादी के बाद दोनों 27 फरवरी को हनीमून मनाने दुबई पहुंचे थे। उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन इस बीच खाड़ी क्षेत्र में अचानक बदले हालातों ने उनकी यात्रा को संकट में डाल दिया।
कई उड़ानें रद्द, दुबई में फंसे हजारों यात्री
खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब विमान सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। एहतियातन दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इसके कारण हजारों यात्री और पर्यटक दुबई में ही फंस गए हैं।
इसी स्थिति में रांची का यह नवविवाहित जोड़ा भी दुबई में ही रुकने को मजबूर हो गया है। निर्धारित तारीख पर उनकी वापसी संभव नहीं हो सकी और अब वे हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
हनीमून की खुशियां चिंता में बदलीं
अतुल उरांव ने बताया कि वे अपनी शादी के बाद के सबसे खास पलों को यादगार बनाने के लिए दुबई आए थे, लेकिन अचानक हालात बदल जाने से उनकी चिंता बढ़ गई है। जैसे ही उड़ानों के रद्द होने की जानकारी मिली, तब से घर लौटने की चिंता लगातार बनी हुई है।
वहीं उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा ने बताया कि यहां के हालात को लेकर उन्हें भी टेंशन है, हालांकि फिलहाल वे सुरक्षित हैं। दोनों की सबसे बड़ी इच्छा यही है कि जल्द से जल्द अपने घर और परिवार के बीच वापस लौट सकें।
परिवारों में चिंता, सरकार से लगाई मदद की गुहार
इधर रांची में दोनों परिवारों के बीच चिंता का माहौल है। परिजन लगातार दंपति के संपर्क में बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर रख रहे हैं।
परिवार के लोगों ने झारखंड सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि केंद्र सरकार और यूएई में स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर नवदंपति सहित खाड़ी देशों में फंसे झारखंड के लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराई जाए।
