बिहार

Bihar Weather Today: मार्च में चढ़ा पारा, 10 मार्च को 5 जिलों में बारिश के आसार; येलो अलर्ट जारी

पटना। बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। ठंड की हल्की सिहरन अब खत्म होती दिख रही है और दिन में तेज धूप के साथ गर्मी का असर बढ़ने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में दोपहर के समय तेज हवाएं भी चल रही हैं, जिससे मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। दिन और रात दोनों के पारे में क्रमिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि, कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है, जिससे सीमित राहत मिल सकती है।

10 मार्च को इन पांच जिलों में बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इसके बाद 10 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के एक या दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए इन पांचों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

जाने प्रमुख शहरों का तापमान

राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं गया में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बढ़ती गर्मी और संभावित आंधी-बारिश को देखते हुए सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें।