होली पर घर जाना बना चुनौती: पंजाब से चलने वाली ट्रेनें फुल, देरी और भीड़ से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
जालंधर। होलिका दहन मंगलवार को और रंगों का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा, लेकिन उससे पहले ही पंजाब के रेलवे स्टेशनों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी है। गांव और अपने गृह राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने से ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है।
हालात ऐसे हैं कि अधिकांश ट्रेनें पहले से ही पैक होकर आ रही हैं, जिससे बीच रास्ते से चढ़ने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, लेकिन उनमें भी स्थिति लगभग वही है। भीड़ कम होने के बजाय और बढ़ती नजर आ रही है। ऊपर से कई ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों की थकान और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं।
कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं
यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी ट्रेनों की लेटलतीफी ने दी। अमृतसर क्लोन स्पेशल करीब सवा दस घंटे देरी से पहुंची, जबकि श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा फेस्टीवल स्पेशल सवा पांच घंटे लेट रही। अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस और जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे की देरी से चलीं। मालवा एक्सप्रेस चार घंटे, अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, सचखंड एक्सप्रेस और शालीमार एक्सप्रेस तीन घंटे लेट रहीं।
सरयू यमुना एक्सप्रेस ढाई घंटे, पूजा एक्सप्रेस सवा दो घंटे, हिमसागर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, मौर ध्वज एक्सप्रेस एक घंटा, जम्मूतवी एक्सप्रेस और जेहलम एक्सप्रेस पौना घंटा, जबकि अमृतसर एक्सप्रेस और आम्रपाली एक्सप्रेस करीब आधा घंटा देरी से पहुंचीं। लगातार हो रही देरी से प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ती रही।
होली पर चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें
त्योहार के मद्देनजर रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई हैं। अमृतसर से मानसी 04610 स्पेशल 4 मार्च को सुबह 8:10 बजे, अमृतसर-कटिहार 04614 स्पेशल 6 मार्च को दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। अमृतसर-बढ़नी 05006 स्पेशल 5, 12, 19 और 26 मार्च को दोपहर 2:15 बजे चलेगी।
अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस 05735, 6, 13, 20 और 27 मार्च को दोपहर 1:25 बजे चलाई जाएगी। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली 04082 स्पेशल 3 से 9 मार्च तक रात 9:20 बजे रवाना होगी। कटड़ा से वाराणसी 04604 स्पेशल 3 और 8 मार्च को शाम 6:15 बजे चलेगी। अमृतसर से पटना 04664 स्पेशल 5 मार्च को सुबह 9:45 बजे संचालित की जाएगी।
त्योहार के चलते आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। रेलवे यात्रियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने और वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील कर रहा है।
