उत्तराखंड

हरिद्वार कुंभ 2027 होगा दिव्य-भव्य: CM धामी का बड़ा ऐलान, केंद्र से मिले 500 करोड़ रुपए

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया है कि अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न कराया जाएगा। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन और मेला प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है। आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार से अतिरिक्त सहयोग का अनुरोध भी किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में कुंभ मेले का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा।

‘उत्तराखंड का दशक’ बनाने का संकल्प

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है। विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे।

सुगम और सुरक्षित होगी चारधाम यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की लाइफलाइन है। यात्रा को हर दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पिछली यात्रा समाप्त होने के तुरंत बाद से ही अगली यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। हितधारकों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं और उनके सुझावों के आधार पर यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया गया है।

हर माह पांच तारीख तक मिलेगी पेंशन

कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दिव्यांग, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के लाभार्थियों को अब हर माह की पांच तारीख तक पेंशन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है।