Monday, March 2, 2026
झारखंड

Holi Special Trains 2026: धनबाद रूट से चलेंगी रांची-गोरखपुर, झंझारपुर और सांतरागाछी-दरभंगा स्पेशल ट्रेनें

होली के मद्देनज़र उत्तर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने त्योहार के अवसर पर रांची से गोरखपुर, रांची से मधुबनी के झंझारपुर और सांतरागाछी से दरभंगा के बीच स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का लाभ धनबाद और बोकारो के यात्रियों को भी मिलेगा, क्योंकि ये ट्रेनें धनबाद होकर गुजरेंगी।

रांची-गोरखपुर स्पेशल का शेड्यूल

08629 रांची-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन दो मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन रांची से रात 11:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 9:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

वहीं 08640 गोरखपुर-रांची स्पेशल चार मार्च से एक अप्रैल तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। यह ट्रेन गोरखपुर से रात 12:50 बजे रवाना होकर रात 8:45 बजे रांची पहुंचेगी।

रांची-झंझारपुर स्पेशल की टाइमिंग

08105 रांची-झंझारपुर स्पेशल दो मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। ट्रेन रांची से रात 10:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:00 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।

08106 झंझारपुर-रांची स्पेशल तीन मार्च से 31 मार्च तक संचालित होगी। यह ट्रेन झंझारपुर से शाम 6:00 बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर 12:15 बजे रांची पहुंचेगी।

सांतरागाछी-दरभंगा स्पेशल भी चलेगी

08109 सांतरागाछी-दरभंगा स्पेशल तीन मार्च से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन सांतरागाछी से सुबह 7:30 बजे प्रस्थान कर शाम 7:05 बजे दरभंगा पहुंचेगी।

08110 दरभंगा-सांतरागाछी स्पेशल भी तीन मार्च से 31 मार्च तक हर मंगलवार को संचालित होगी। यह दरभंगा से रात 9:00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

होली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से झारखंड, बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।