पंजाब में धूप से चढ़ा पारा, दिन में गर्माहट लेकिन रातें अब भी सर्द; आसमान में छाए रहेंगे बादल
जालंधर। पंजाब में पिछले तीन दिनों से खिली धूप के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के समय मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों को सर्दी से काफी हद तक राहत मिली है, हालांकि रातों की ठंड अभी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
तापमान में बढ़ोतरी, 23 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस सप्ताह अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप निकलने से ठंड का असर कम हुआ और लोगों को सुबह-शाम के मुकाबले दोपहर में गर्माहट महसूस हुई।
धूप निकलते ही बाजारों में दिखी रौनक
तेज धूप के कारण लोगों ने घरों से निकलकर राहत की सांस ली। सर्दी कम होते ही बाजारों में भी रौनक देखने को मिली और लोग खरीदारी करते नजर आए। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड अब भी महसूस की जा रही है।
फिलहाल बारिश के नहीं हैं आसार
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। बादल छाए रहने के बावजूद मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होता रहेगा।
हिमाचल में बदल सकता है मौसम का मिजाज
अगर हिमाचल प्रदेश की बात करें तो मौसम विभाग ने आठ फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। वहीं नौ, 10 और 11 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान है, जिसका सबसे ज्यादा असर 10 फरवरी को देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
