Monday, March 2, 2026
बिहार

बंद कमरे से आ रही थी तेज बदबू, दरवाजा तोड़ते ही सामने आया खौफनाक मंजर; धर्मशाला में 4 पर्यटकों के शव मिलने से हड़कंप

पटना। बिहार के नालंदा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजगीर थाना क्षेत्र स्थित एक जैन धर्मशाला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद कमरे से लगातार बदबू आने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे के भीतर चार पर्यटकों के शव फंदे से लटके मिले।

दिगंबर जैन धर्मशाला में ठहरे थे पर्यटक
राजगीर के पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि यह घटना दिगंबर जैन धर्मशाला की है, जहां चार पर्यटक ठहरे हुए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चारों ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या की है।

बदबू आने पर धर्मशाला प्रबंधन ने दी पुलिस को सूचना
धर्मशाला के प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक कमरे से असहनीय बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर चारों पर्यटक फंदे से लटके हुए पाए गए, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मोबाइल फोन और रजिस्टर जब्त, बेंगलुरु का बताया जा रहा कनेक्शन
पुलिस ने मौके से चारों पर्यटकों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोबाइल नंबर बेंगलुरु का बताया जा रहा है। इसके साथ ही जैन धर्मशाला का पंजीकरण रजिस्टर भी जब्त कर लिया गया है, ताकि मृतकों की पहचान और ठहरने की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

दो दिन पुरानी हो सकती है घटना
पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि चारों पर्यटकों ने करीब दो दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी, जिसकी वजह से कमरे से बदबू फैलने लगी थी। हालांकि मौत के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

एफएसएल टीम जांच में जुटी, हर एंगल से हो रही छानबीन
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजहों को खंगाला जा रहा है।