Monday, March 2, 2026
पंजाब

पंजाब में ठंडी हवाओं की वापसी, मौसम विभाग का 10 फरवरी तक का अपडेट जारी; शीत लहर कमजोर लेकिन ठिठुरन बरकरार

पंजाब में कड़ाके की शीत लहर भले ही अब कमजोर पड़ती नजर आ रही हो, लेकिन ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बीते कुछ दिनों से लगातार निकल रही धूप ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी है, हालांकि सुबह-शाम ठिठुरन अब भी महसूस की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग चंडीगढ़ ने 10 फरवरी तक के लिए मौसम को लेकर नया अपडेट जारी किया है।

10 फरवरी तक नहीं कोई अलर्ट, ठंडी हवाएं रहेंगी जारी
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 6, 7, 8, 9 और 10 फरवरी तक पंजाब में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जिससे तापमान में हल्की गिरावट और ठंड का अहसास बना रह सकता है।

18 से 20 फरवरी के बीच दिख सकता है पश्चिमी विक्षोभ का असर
आईएमडी चंडीगढ़ के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 18 से 20 फरवरी के बीच देखने को मिल सकता है। हालांकि फिलहाल इसके असर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि ठंड का चरम दौर अब गुजर चुका है और आने वाले दिनों में धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी, दिन में मिली राहत
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतम तापमान में औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। दिन के समय धूप के कारण लोगों को ठंड से राहत मिली है।

श्री आनंदपुर साहिब सबसे गर्म, फरीदकोट सबसे ठंडा
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान श्री आनंदपुर साहिब में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में फरीदकोट सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी हवाओं में सक्रिय है सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार इस समय पश्चिमी हवाओं के साथ एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसका असर आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज पर देखने को मिल सकता है।