बक्सर में 98 करोड़ की 2-लेन ग्रीनफील्ड बाईपास का मार्ग तैयार, धनसोई के जाम से मिलेगी राहत
धनसोई (बक्सर)। वर्षों से स्थानीय बाजार में फंसे वाहनों और रोजाना के जाम की समस्या से निपटने के लिए बक्सर जिले में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड बाईपास की योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी सहिला और अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों और अभियंताओं ने धनसोई पहुंचकर बाईपास मार्ग का स्थल निरीक्षण किया।
स्थल निरीक्षण में अधिकारियों ने की गहन समीक्षा
जिलाधिकारी ने चिरैंयाटाड़ मोड़ से लगभग 200 मीटर दक्षिण दिशा से निरीक्षण शुरू किया, जहां से बाईपास धनसोई-दिनारा मुख्य पथ से जुड़ेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग की चौड़ाई, भूमि की उपलब्धता, संभावित अड़चनों और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्य समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
2-लेन ग्रीनफील्ड बाईपास से आएगी यातायात में राहत
यह बाईपास ग्रीनफील्ड परियोजना के तहत 2-लेन में निर्मित किया जाएगा। इसका उद्देश्य धनसोई बाजार क्षेत्र से भारी वाहनों का दबाव हटाना है। इसके निर्माण से बक्सर और रोहतास जिलों के बीच आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा, जिससे यात्रियों के समय और ईंधन की भी बचत होगी।
प्रोजेक्ट की लंबाई और लागत
जानकारी के अनुसार, लगभग 4.50 किलोमीटर लंबाई के इस बाईपास के निर्माण के लिए 98.24 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास के बन जाने से न केवल धनसोई में रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
