Monday, March 2, 2026
बिहार

मुजफ्फरपुर में 7 मिनट की दहशत: कनपट्टी पर पिस्टल, बट से वार… गोल्डेन ज्वेलर्स से लाखों की लूट, CCTV में काली बाइक कैद

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार शाम अपराधियों ने सरेआम दुस्साहस दिखाते हुए एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता चौक पर बैंक के पास स्थित ‘गोल्डेन ज्वेलर्स’ में चार हथियारबंद बदमाशों ने महज सात मिनट में लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना शाम 6:33 बजे की है, जब बाइक से पहुंचे अपराधियों ने दुकान में घुसकर हथियार के बल पर गहने और नकदी लूट ली। 6:40 बजे तक सभी आरोपी कच्ची-पक्की चौक की दिशा में भाग निकले।

दुकानदार की कनपट्टी पर सटाई पिस्टल, बट से पीटा

दुकान संचालक धर्मेंद्र साह, जो वैशाली के गोरौल के निवासी हैं और परिवार के साथ अतरदह में किराए के मकान में रहते हैं, ने बताया कि चारों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे। सभी पतले और लंबे कद के थे। दो अपराधी दुकान के अंदर घुसे, एक गेट पर निगरानी करता रहा और चौथा बाइक पर बैठा रहा।

धर्मेंद्र साह के मुताबिक, एक बदमाश ने टॉप्स दिखाने को कहा। जैसे ही वे गहने निकालने लगे, अपराधियों ने पिस्टल निकाल ली। कनपट्टी पर पिस्टल सटाकर उनका सिर नीचे झुका दिया गया और पीठ पर पिस्टल के बट से वार किया गया। इसके बाद बदमाशों ने करीब 35 ग्राम सोना, लगभग तीन किलो चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद पिट्ठू बैग में भर लिए। दुकानदार के अनुसार लूटे गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। हालांकि, मौके पर पहुंचीं एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने चार लाख रुपये मूल्य के गहनों की लूट की पुष्टि की है।

महिला ग्राहकों को भी बनाया बंधक

लूट के दौरान दो महिला ग्राहक दुकान में पहुंचीं। अपराधियों ने उन्हें भी पिस्टल के बल पर दुकान के अंदर एक कोने में बैठा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेजी से बाहर निकले और काली बाइक से कच्ची-पक्की चौक की ओर फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की काली बाइक कैद हुई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।

45 मिनट बाद पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने की जांच

दुकानदार की सूचना के करीब 45 मिनट बाद सदर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अपर थानेदार राजीव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसडीपीओ विनीता सिन्हा भी पहुंचीं और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई गई। पुलिस का कहना है कि इलाके में सक्रिय गैंग की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुरानी वारदात से जुड़ रहे तार, गैंग पर शक

जिले में आभूषण दुकानों की रेकी कर लूट करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पिछले साल 2 मई को तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी में विकास कुमार की ज्वेलरी दुकान में करीब 10 लाख रुपये की लूट हुई थी। उस वारदात में दो बाइक से आए छह अपराधी शामिल थे। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि अन्य फरार हैं। सुस्ता की इस घटना में सीसीटीवी में दिख रहे दो अपराधियों की कद-काठी तुर्की लूटकांड के आरोपियों से मिलती-जुलती बताई जा रही है। पुलिस फरार शातिरों की तलाश में जुटी है।

भीड़भाड़ वाले चौक पर वारदात, गश्त पर उठे सवाल

सदर थाना क्षेत्र का सुस्ता चौक काफी व्यस्त इलाका माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी भीड़भाड़ वाली जगह पर अपराधियों का बेखौफ वारदात को अंजाम देकर निकल जाना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। जानकारी के अनुसार, वारदात के समय पुलिस की गश्ती जीप घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर कच्ची-पक्की में खड़ी थी। अपराधी उसी दिशा से आए और घटना को अंजाम देकर वहीं से फरार हो गए।

इलाके के कई अपराधी पहले से पुलिस की फरारी सूची में बताए जा रहे हैं। घटना के बाद एसआईटी गठित कर संभावित संदिग्धों की भूमिका की गहन जांच शुरू कर दी गई है।