Monday, March 2, 2026
राजस्थान

बीकानेर के स्कूल में 4 साल के मासूम पर आवारा कुत्तों का हमला, कान काटा; हालत गंभीर

नई दिल्ली/बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ऊपनी गांव के एक सरकारी स्कूल में चार साल के मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में बच्चे के सिर की चमड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, एक कान काट लिया गया और शरीर को जगह-जगह से नोंच दिया गया। घायल बच्चे का इलाज बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में चल रहा है।

पहले ही दिन स्कूल पहुंचा था मासूम

जानकारी के अनुसार ग्रामीण रामप्रताप का चार वर्षीय बेटा रामू मंगलवार को गांव के स्वामी विवेकानंद राजकीय विद्यालय में पहली बार पढ़ने गया था। उसके साथ उसका सात साल का बड़ा भाई भी था। कुछ देर कक्षा में बैठने के बाद वह खेल मैदान की ओर चला गया।

बताया जा रहा है कि स्कूल के खेल मैदान का गेट खुला था। इसी दौरान आवारा कुत्तों का झुंड अंदर घुस आया और बच्चे पर हमला कर दिया।

रोने की आवाज सुन दौड़े लोग, अस्पताल में भर्ती

बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के अधीक्षक डॉ. एल.के. कपिल ने बताया कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी प्लास्टिक सर्जरी करनी होगी। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

स्कूल प्रशासन ने पहले भी की थी शिकायत

विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुभाष मीणा ने बताया कि स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में हिंसक आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर संबंधित विभाग में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को गांव के लोगों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और आवारा पशुओं पर नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।