Monday, March 2, 2026
झारखंड

झारखंड में 117 IPS अधिकारियों ने दी संपत्ति का ब्यौरा, IG आशीष बत्रा ने 4.33 करोड़ का प्लाट खरीदा

रांची। झारखंड कैडर के कुल 125 आईपीएस अधिकारियों में से 117 अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का ब्यौरा सौंप दिया है। दाखिल रिटर्न के अनुसार, इनमें से केवल 10 अधिकारियों ने वर्ष 2025 में नई संपत्ति खरीदी है।

वर्ष 2025 में संपत्ति खरीदे 10 आईपीएस अधिकारी

इन दस अधिकारियों में 1990 बैच के अनिल पाल्टा, 1997 बैच के आईजी आशीष बत्रा, 2008 बैच के अजय लिंडा, 2010 बैच के अश्विनी कुमार सिन्हा और शैलेंद्र वर्णवाल, 2012 बैच के आनंद प्रकाश, 2016 बैच के पूज्य प्रकाश, राजकुमार मेहता, सहदेव साव और सौरभ शामिल हैं।

आईजी आशीष बत्रा ने खरीदी 4.33 करोड़ की जमीन

एनआईए के झारखंड कैडर के 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी आशीष बत्रा ने पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 504 वर्गयार्ड का आवासीय प्लाट खरीदा, जिसकी कीमत उन्होंने 4.33 करोड़ रुपये बताई है। वहीं, 1990 बैच के अनिल पाल्टा ने बंगाल के पूर्वा वर्द्धमान स्थित जमालपुर में 198 डिसमिल जमीन 4.50 लाख रुपये में खरीदी।

अन्य अधिकारियों की संपत्ति

आईपीएस अजय लिंडा ने रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के डोरियाटोली में 32.43 लाख रुपये में 14.1 डिसमिल जमीन खरीदी, जबकि अश्विनी कुमार सिन्हा ने रांची के सुगदा में सात लाख रुपये में जमीन ली। एसीबी के आईजी शैलेंद्र वर्णवाल ने कांटाटोली के वासुदेव रेसिडेंसी में 16.66 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा।

बोकारो के डीआईजी आनंद प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा में अशोक नगर बुद्ध विहार स्थित तेजस्वी अपार्टमेंट में 55 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा। सीआईडी के एसपी आईपीएस पूज्य प्रकाश ने पिठोरिया स्थित सुतियांबे में 7.82 लाख रुपये में 34 डिसमिल जमीन खरीदी।

जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने रांची के सुगदा में 3.50 लाख रुपये में 11.8 डिसमिल जमीन खरीदी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एसपी सहदेव साव ने गिरिडीह के खोरीमहुआ में 3.30 लाख रुपये में 40 डिसमिल जमीन खरीदी, जबकि देवघर के एसपी सौरभ ने वैशाली के मनीहारी में अपनी दादी के नाम पर 15 लाख रुपये की जमीन खरीदी।

पूर्व वर्षों में खरीदी गई संपत्तियां

अन्य आईपीएस अधिकारियों के पास पहले खरीदी गई संपत्तियां भी हैं। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह ने 2024 में रांची के अशोक नगर में 2.25 करोड़ रुपये की कीमत से 8400 वर्गफीट आवासीय जमीन खरीदी थी।

अभी तक ब्यौरा न देने वाले अधिकारी

कुछ अधिकारियों ने अभी तक संपत्ति का ब्यौरा नहीं दिया है। इनमें मनीलाल मंडल (2011), प्रभात कुमार (2014), सरोजनी लकड़ा (2014), पितांबर सिंह खेरवार (2017), राकेश रंजन (2017), नाजिश उमर अंसारी (2023), शुभम मीणा (2023) और विपिन दुबे (2023) शामिल हैं।